प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर पीएम मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई नेता भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। इसी अभियान के तहत काशी से गुजरात के वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जा रही है। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है।
यात्रा शुरू होने से पहले सेवा यात्रियों ने ललिता घाट से गंगाजल एकत्र किया और काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से होने वाले कार्यक्रम के बाद राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम में चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य नेता भी शामिल होंगे।
बताया गया है कि यात्रा में बड़ी संख्या में बाइकर्स हिस्सा ले रहे हैं। काशी से निकलने वाली यह यात्रा कई राज्यों और जिलों से होकर वडनगर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। वाराणसी में पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर मंदिरों में विशेष पूजा और अन्य कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं।
