मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए सपा सरकार पर निशाना साधा और अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से प्रदेश की छवि बदली है। भाजपा सरकार में प्रदेश नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बन रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, ‘नजर नहीं है नजारों की बात करते हैं, जमीं पर चांद-सितारों की बात करते हैं… हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, सभा में सुधारों की बात करते हैं।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष (अखिलेश यादव) ने कल एक घंटे का भाषण दिया। ऐसा लग रहा था कि ये चुनावी भाषण है। जनता ने भाजपा का काम देखकर ही हमें फिर से जिताया है। 2022 में भाजपा को मिला जनादेश उस सम्मान का प्रतीक है जो जनता ने हमें दिया है।