Site icon Prsd News

गोंडा में करवा चौथ को लेकर सुहागिनों में जबरदस्त उत्साह, बाजार हुए गुलजार

WhatsApp Image 2023 10 31 at 19.43.42 f4058782

गोंडा में करवा चौथ व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं की आमद रफ्त से बाजार गुलजार हैं। जिलेभर में करवाचौथ पर व्रत रखने के लिए महिलाओं में जबरदस्त उत्साह है। इस दिन सुहागिनें पति की दीर्घायु के लिए निर्जल उपवास रखेंगी और सोलह शृंगार करेंगी। बाजार में महिलाओं ने कपड़े, जेवर और सौंदर्य प्रसाधन की जमकर खरीदारी की। वहीं, हाथों पर मेहंदी लगवाने के लिए पार्लर की बुकिंग भी करा ली है।
पति के लंबी उम्र की कामना के लिए रखे जाने वाले इस व्रत का महिलाओं को शिद्दत से इंतजार रहता है। सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु की कामना के लिए व्रत रखती हैं। चौक बाजार में महिलाओं ने करवा चौथ पूजा के लिए कलेंडर और करवा की खरीदारी किया। शहर के चौकबाजार स्थित चूड़ी गली के कॉस्मेटिक दुकानदार ने बताया कि महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन सामग्री की खूब खरीदारी की है। दुकानदार बताते हैं कि महिलाओं में लाल रंग की चूड़ी खासी डिमांड है। सर्राफा की दुकानों पर महिलाओं ने बिछुए के अलावा सोने-चांदी की अंगूठी, चेन, मंगलसूत्र की खरीदारी की। वहीं, जिले के अन्य कस्बों में खरीदारी करने के लिए महिलाओं की भीड़ देखी गई।
करवा चौथ पर खुद को सजाने और संवारने के लिए महिलाएं ब्यूटीपार्लर में पहुंच रही हैं। शहर स्थित ब्यूटी पार्लर की संचालिका ने बताया कि ग्राहकों की भीड़ की वजह से दम लेने की फुरसत नहीं मिल रही है। महिलाओं के लिए करवा चौथ पर स्पेशल पैकेज तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ महिलाओं ने सिर्फ मेहंदी लगवाने के लिए संपर्क साधा है। लिहाजा अस्थाई तौर कुछ लड़कियों को बुलाया गया है।

Exit mobile version