Site icon Prsd News

ब्लूपाइन एनर्जी के सीएसआर पहल के अंतर्गत खोड़ा कॉलोनी, गाज़ीपुर में निःशुल्क डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन

IMG 20250421 WA0019

ब्लूपाइन एनर्जी द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के युवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से खोड़ा कॉलोनी, गाज़ीपुर, दिल्ली में एक निःशुल्क छह माह का डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किया गया था। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को जीवन प्रकाश ए चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा सफलतापूर्वक लागू किया गया।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 30 विद्यार्थियों ने डिजिटल मार्केटिंग के विभिन्न पहलुओं जैसे सोशल मीडिया मार्केटिंग, गूगल ऐड्स, कंटेंट क्रिएशन, एसईओ (SEO), ईमेल मार्केटिंग आदि का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के पश्चात इन छात्रों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वतंत्र रूप से कार्य करने, रोजगार प्राप्त करने एवं स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए तैयार किया गया है।

इस प्रशिक्षण के समापन पर प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जोकि खोड़ा कॉलोनी स्थित कौशल प्रशिक्षण केंद्र में सम्पन्न हुआ। इस समारोह में ब्लूपाइन एनर्जी के मुख्य सतत विकास अधिकारी (Chief Sustainability Officer) श्री सुमित बराट तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती प्रज्ञा बराट ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायक शब्दों के माध्यम से उत्साहित किया।

श्री सुमित बराट ने अपने संबोधन में कहा,
“ब्लूपाइन एनर्जी का मानना है कि सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को तकनीकी शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। डिजिटल युग में डिजिटल मार्केटिंग जैसे कौशल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त माध्यम है। हमें गर्व है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज के उन युवाओं तक पहुंचा है जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता थी।”

इस अवसर पर जीवन प्रकाश ए चैरिटेबल सोसाइटी के निदेशक श्री शिवधर दुबे तथा प्रोग्राम मैनेजर श्री अमित सागर भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस कार्यक्रम की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और बताया कि भविष्य में भी ऐसे कई और कौशल विकास कार्यक्रम दिल्ली तथा अन्य ज़रूरतमंद क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे।

समारोह में विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार इस प्रशिक्षण ने उनकी सोच और करियर की दिशा को बदला है। कई छात्रों ने कहा कि उन्हें अब फ्रीलांस प्रोजेक्ट्स मिलने लगे हैं, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक मदद कर पा रहे हैं।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। यह समारोह केवल प्रमाण पत्र वितरण का नहीं, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास, उम्मीदों और नए भविष्य की शुरुआत का प्रतीक बन गया।

Exit mobile version