दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का संबंध पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी के नेटवर्क से था। पुलिस के अनुसार यह मॉड्यूल सोशल मीडिया के जरिए भारत के युवाओं को अपने जाल में फंसाकर उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार कर रहा था।
जांच एजेंसियों को आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के साथ चैट, कॉल डिटेल्स और कई वीडियो मिले हैं, जो इस नेटवर्क के सक्रिय होने के पुख्ता सबूत हैं। हरमनदीप ने पंजाब में ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH)’ के नाम से ग्राफिटी भी लिखी थी और वह कश्मीरी गेट फायरिंग जैसे मामलों से जुड़े लोगों के संपर्क में भी था।
पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क भारत में ग्रेनेड हमले और फायरिंग जैसी बड़ी साजिशों को अंजाम देने की तैयारी में था। खुलासा हुआ है कि आरोपी को रामपुर की एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला करने का निर्देश भी दिया गया था और इसके लिए हथियार सप्लाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन समय रहते गिरफ्तारी होने से यह साजिश नाकाम हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान से बैठे हैंडलर्स युवाओं को पैसे, विदेश भेजने और लग्जरी लाइफ का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करते थे। शुरुआत में छोटे काम दिए जाते थे, फिर धीरे-धीरे उन्हें बड़े आतंकी मिशनों में शामिल किया जाता था।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क है, जिसे पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की कोशिश जारी है।
