गुरुग्राम के आचार्य पुरी इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 55 वर्षीय PG संचालक हेमंत कौशिक को उनके घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली उनके सिर में लगी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन और आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। बताया जा रहा है कि हेमंत कौशिक से मिलने 2 युवक उनके घर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर कथित तौर पर विवाद हो गया। इसी दौरान हमलावरों ने पिस्टल निकालकर हेमंत के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, हेमंत कौशिक सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले कुछ वर्षों से सेक्टर 14 इलाके में PG का संचालन कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनके साथ पैसों को लेकर किसका विवाद चल रहा था और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 14 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल हमलावर फरार हैं और घायल PG संचालक का इलाज जारी है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हमला सिर्फ पैसों के विवाद का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी। इस वारदात के बाद इलाके में भी दहशत का माहौल है।
