इंडोनेशिया के जावा सागर में रविवार को बड़ा समुद्री हादसा हो गया। यात्रियों और वाहनों को ले जा रही Virgo Transport 8 फेरी खराब मौसम के बीच पलट गई। जहाज में कुल 243 लोग सवार थे। राहत और बचाव दल ने अब तक 103 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जबकि एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। करीब 140 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
यह फेरी शनिवार को इंडोनेशिया के पूर्वी जावा के सुराबाया से रवाना हुई थी और बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन प्रांत स्थित बंजारमासिन जा रही थी। रविवार तड़के करीब 2 बजे जहाज का अपनी ऑपरेटर कंपनी से संपर्क टूट गया। अधिकारियों के मुताबिक, संपर्क टूटने से पहले जहाज खराब मौसम और ऊंची समुद्री लहरों का सामना कर रहा था।
स्थानीय खोज एवं बचाव अधिकारी इ पुतु सुदायाना के अनुसार, जहाज के कप्तान ने समुद्र की खराब स्थिति की जानकारी दी थी। इसके बाद जहाज के झुकने की सूचना मिली और कुछ समय बाद उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया। अधिकारियों को बाद में जानकारी मिली कि फेरी समुद्र में पलट गई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नौसेना, पुलिस, बचाव जहाजों और हेलिकॉप्टरों को अभियान में लगाया गया है। जहाज की आखिरी लोकेशन बंजारमासिन से करीब 148 से 150 किलोमीटर दूर जावा सागर में मिली थी।
रेस्क्यू अभियान में सबसे बड़ी चुनौती समुद्र की खराब स्थिति बनी हुई है। इलाके में लहरें करीब 2.5 से 3 मीटर तक ऊंची बताई गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि इतनी ऊंची लहरों के बीच बचाव जहाजों के लिए भी अभियान बेहद जोखिम भरा है। इसके बावजूद लापता यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की तलाश लगातार जारी है।
हादसे के बाद यात्रियों के परिजन बंजारमासिन में बनाए गए रेस्क्यू कंट्रोल सेंटर पर जुटे हैं और लगातार अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित ढूंढना और उन्हें अस्पताल या सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना है।
इंडोनेशिया में समुद्री यात्री जहाजों से जुड़े हादसे पहले भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में इस दुर्घटना के बाद जहाज की सुरक्षा व्यवस्था, मौसम की स्थिति और हादसे से पहले उठाए गए कदमों की भी जांच की जा सकती है। फिलहाल अधिकारियों का पूरा ध्यान राहत और बचाव अभियान पर है।
