बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। पार्टी की युवा इकाई में मिली इस जिम्मेदारी के बाद मैथिली ठाकुर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में हैं। नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा भाजयुमो के अध्यक्ष हेमांग जोशी ने की है। इस टीम में बिहार के कुल छह युवा नेताओं को अलग-अलग भूमिकाओं में शामिल किया गया है।
हालांकि, मैथिली ठाकुर को फिलहाल राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है, उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष या महामंत्री जैसा कोई पद नहीं दिया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ने के रूप में देखा जा रहा है। लोक संगीत के क्षेत्र में पहचान बनाने के बाद राजनीति में सक्रिय हुईं मैथिली ठाकुर अब बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी की युवा इकाई से जुड़ी भूमिका निभाएंगी।
भाजयुमो की नई टीम में बिहार के अन्य नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। राज राजेंद्र सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राहुल झा को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हिमांशु यादव राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, मानवेंद्र चौहान को सोशल मीडिया सह-प्रभारी बनाया गया है। विनीत कुशवाहा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। इस तरह बिहार के छह युवा नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर नई टीम में सात नेताओं को उपाध्यक्ष और तीन नेताओं को महामंत्री बनाया गया है। उपाध्यक्षों में जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, पश्चिम बंगाल के सौमेन करफा, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नगालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग शामिल हैं। राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बदजेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को नियुक्त किया गया है।
नई टीम में मीडिया, सोशल मीडिया, संगठन और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए भी नियुक्तियां की गई हैं। बिहार के नेताओं को मिली जगह से राज्य की युवा इकाई की राष्ट्रीय संगठन में मौजूदगी बढ़ी है। पार्टी की ओर से बताया गया है कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि संगठन के कामकाज में अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं की भागीदारी बनी रहे।
मैथिली ठाकुर की यह नियुक्ति उनके राजनीतिक सफर का नया पड़ाव है। वह लोक गायिका के रूप में लोकप्रियता हासिल करने के बाद बिहार विधानसभा पहुंची थीं। अब भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने के साथ उन्हें पार्टी की युवा इकाई के कामकाज और गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आने वाले समय में संगठन के कार्यक्रमों में उनकी भूमिका पर नजर रहेगी।
