अज्ञात कारणों से दो गांवों में छप्पर में लगी आग,दो भैंस मरीं दो झुलसीं,दो की गृहस्थी जल कर राख

वजीरगंज(गोंडा)।क्षेत्र के गेंड़सर में सुबह लगभग 11 बजे अज्ञात कारणों से छप्पर में लगी आग से एक व्यक्ति के आवास सहित उसकी दो भैंसें जल कर मर गईं।जब कि दो भैंसें झुलस गईं।शेष 12 भैंसों को होमगार्ड विपिन कुमार सिंह ने रस्सी काट कर बचा लिया।होमगार्ड भैंसों को बचाने में स्वयं भी झुलस गया।जब कि आरक्षी इंद्र कुमार झा दोनों राइफलों को अपनी अभिरक्षा में लिए रहे।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लल्ला सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर देवीदीन यादव का छप्पर का आवास है।वहां बगल के छप्पर में उसकी 6 भैंसें बंधी हुई थी।वहीं बगल के छप्पर में उसके भाई देवी प्रसाद यादव की 10 भैंसें बंधी हुई थीं।अज्ञात कारणों से छप्परों में आग लग गई।मौके पर छोटे बच्चों के अलावा वहां कोई नहीं था।एसएसआई राम भवन पासवान ने बताया कि बैंक ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड विपिन कुमार सिंह व आरक्षी इंद्र कुमार झा वहां पहुंचे।आग लगी देख कर आरक्षी ने दोनों राइफलें संभालीं व होमगार्ड ने अपनी जान पर खेल कर जलते छप्परों में हंसिया ले कर रस्सियों को काट कर 12 भैंसों को बाहर किया।इनको बचाने में वह स्वयं झुलस गया।वहीं चार भैसें झुलस गईं।जिनमें से दो की मौत हो गई। होमगार्ड का दाहिना हाथ व चेहरा झुलस गया।उसे डायल 112 से ले जा कर सीएचसी में भर्ती कराया गया।जहां उसका उपचार चल रहा है।हल्का लेखपाल गौरव गांधी ने बताया कि क्षति का कुल आकलन 1लाख 85 हजार रुपये का कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।देवीदीन ने थाने पर सूचना दर्ज कराई है।झुलसे होम गार्ड के साहस की लोग सराहना कर रहे हैं।वहीं क्षेत्र के तुर्काडीह में राम भवन कोरी के छप्पर के घर में सुबह 10 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई।घर पर कोई नहीं था।दम्पती खेत में गेंहू काटने गए थे।सारी गृहस्थी जल कर राख हो गई।गांव वालों ने आग बुझाई।ग्राम प्रधान ब्रिज नाथ सिंह ने बताया कि दम्पती बेटे से अलग छप्पर में रहते थे।हल्का लेखपाल विवेक वर्मा ने बताया कि 1 लाख रुपये की क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।