
भारत में NIA ने किया बड़ा खुलासा: ग्लोबल ड्रोन साजिश का पर्दाफाश, 7 विदेशी गिरफ्तार
भारत की प्रमुख आतंकवाद-रोधी एजेंसी National Investigation Agency (NIA) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रोन साजिश का खुलासा किया है, जिससे देश की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस मामले में एक अमेरिकी नागरिक सहित कुल 7 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 6 यूक्रेनी शामिल हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह समूह भारत में रहकर ड्रोन आधारित आतंकवादी गतिविधियों की योजना बना रहा था। आरोप है कि ये लोग यूरोप से ड्रोन मंगाकर उन्हें म्यांमार के रास्ते सक्रिय उग्रवादी संगठनों तक पहुंचा रहे थे। साथ ही, ये लोग ड्रोन ऑपरेशन और आधुनिक युद्ध तकनीक की ट्रेनिंग भी दे रहे थे, जिससे भारत के उत्तर-पूर्वी इलाकों में अशांति फैलाने की साजिश रची जा रही थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे और फिर असम व मिजोरम होते हुए बिना अनुमति म्यांमार में घुस गए। वहां उन्होंने स्थानीय सशस्त्र समूहों से संपर्क कर उन्हें ट्रेनिंग दी। NIA का मानना है कि इन समूहों के तार भारत में सक्रिय प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हो सकते हैं।
इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर पहले भी कई युद्ध क्षेत्रों में सक्रिय रहा है और आधुनिक युद्ध तथा ड्रोन तकनीक में प्रशिक्षित है। एजेंसियां अब इस नेटवर्क के फंडिंग स्रोत, भारत में मौजूद सहयोगियों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं।
दिल्ली की एक अदालत ने सभी आरोपियों को NIA की हिरासत में भेज दिया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह साजिश भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती थी, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।



