Advertisement
भारतलाइव अपडेट

पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक को ताजमहल देखने की मिली इजाजत, लेकिन निजामुद्दीन दरगाह जाने की ख्वाहिश अधूरी

Advertisement
Advertisement

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को भारत सरकार ने आगरा जाकर ताजमहल देखने की अनुमति दे दी है। हालांकि, दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की उनकी इच्छा पूरी नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद उन्हें ताजमहल और दिल्ली के कुछ अन्य ऐतिहासिक स्थलों पर जाने की मंजूरी मिली है, लेकिन दरगाह जाने की अनुमति नहीं दी गई।

मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए भारत आए हैं। यह कार्यक्रम दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में आयोजित किया जा रहा है। शुरुआत में खबर आई थी कि पाकिस्तानी मंत्री का वीजा केवल SCO कार्यक्रम में शामिल होने तक सीमित है और उन्हें अन्य स्थानों पर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।

पाकिस्तान के उच्चायोग ने मलिक के लिए ताजमहल, दिल्ली हाट, हुमायूं का मकबरा, किला राय पिथौरा और हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी। सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के बाद अधिकारियों ने ताजमहल सहित चार स्थानों पर जाने की मंजूरी दे दी। हालांकि, हजरत निजामुद्दीन दरगाह की यात्रा को सुरक्षा कारणों से मंजूरी नहीं मिली।

अब मलिक पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारियों के साथ आगरा जाकर ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। उनकी भारत यात्रा 22 नवंबर तक निर्धारित है। ऐसे में उनके आगरा दौरे के लिए 21 या 22 नवंबर की संभावना जताई गई है। हालांकि, यात्रा का सटीक कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं किया गया है।

मुसादिक मलिक की यह यात्रा कूटनीतिक लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी नेता की यह पहली भारत यात्रा है। वहीं, 2023 में गोवा में आयोजित SCO बैठक में बिलावल भुट्टो जरदारी के शामिल होने के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया है।

भारत ने 28 अक्टूबर को SCO के सभी सदस्य देशों को इस सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। इसमें पाकिस्तान भी शामिल था। शुरुआत में पाकिस्तान नेशनल हेरिटेज और कल्चर मंत्री औरंगजेब खान खिची को भेजने की बात कही थी, लेकिन बाद में इस्लामाबाद ने मुसादिक मलिक को अपना प्रतिनिधि बनाकर भारत भेजा।

भारत पहुंचने के बाद मलिक ने कहा था कि सभ्यताएं और संस्कृतियां सीमाओं से परे होती हैं और इस तरह के मंच देशों को साझा इतिहास और संस्कृति पर बातचीत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्रीय देशों के बीच राजनीतिक मतभेदों से आगे बढ़कर गरीबी और सामाजिक चुनौतियों जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए।

हालांकि, यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों में किसी बड़े बदलाव का संकेत नहीं मानी जा सकती। भारत-पाकिस्तान के बीच पहलगाम हमले, आतंकवाद और सिंधु जल संधि जैसे मुद्दों पर तनाव बना हुआ है। ऐसे में SCO सम्मेलन में पाकिस्तान के मंत्री की भागीदारी और उन्हें कुछ ऐतिहासिक स्थलों पर मिली अनुमति को फिलहाल एक सीमित आधिकारिक दौरे के रूप में देखा जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
YouTube
LinkedIn
Share