
ब्लूपाइन एनर्जी की CSR पहल से ग्रामीण युवाओं को मिलेगा निःशुल्क सौर ऊर्जा प्रशिक्षण एवं रोजगार का अवसर
मुंगेली (छत्तीसगढ़), 24 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की पथरिया तहसील के ग्राम भटगांव में 24 नवंबर 2026 को सोलर इंस्टॉलेशन स्किल ट्रेनिंग सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह पहल ग्रामीण युवाओं को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी रूप से दक्ष बनाने, रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उद्घाटन समारोह में ब्लूपाइन एनर्जी (BluPine Energy) के हेड ऑफिस से सुश्री सुचित्रा बिसेन, सुश्री अंजलि बाजवा एवं श्री गौरव मिश्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े लोगों की भी सहभागिता रही।
इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से कुल 30 विद्यार्थियों को छह माह का निःशुल्क सोलर स्किल ट्रेनिंग कोर्स कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, सौर ऊर्जा प्रणाली के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को स्किल इंडिया (Skill India) का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को भविष्य में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा।
इस पहल की एक विशेष उपलब्धि यह है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 प्रतिशत से अधिक सीटें ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए निर्धारित की गई हैं, ताकि महिलाएं भी सौर ऊर्जा जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्र में कौशल प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें।
यह संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम BluPine Energy की Corporate Social Responsibility (CSR) पहल के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका क्रियान्वयन सहयोगी संस्थान PRSD Foundation है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, विशेषकर महिलाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ना, सौर ऊर्जा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
ब्लूपाइन एनर्जी और PRSD Foundation की यह संयुक्त पहल ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।



