
ग्रेटर नोएडा में निक्की भाटी हत्याकांड से जुड़े मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, निक्की की हत्या के पीछे केवल दहेज की मांग ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर रील बनाना और ब्यूटी पार्लर चलाना भी झगड़े की एक बड़ी वजह रहा।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि निक्की और उसकी बहन कंचन दोनों इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील बनाती थीं। इसके अलावा उन्होंने एक ब्यूटी पार्लर भी शुरू किया था। यह बात निक्की के पति रोहित और देवर विपिन को पसंद नहीं थी। उन्हें लगता था कि इस तरह की गतिविधियां उनके “घर की मर्यादा” के खिलाफ हैं। इसी बात को लेकर परिवार में आए दिन बहस होती थी।
सूत्रों के अनुसार, 11 फरवरी को इसी विषय को लेकर घर में काफी बड़ा विवाद हुआ था, जिसके बाद निक्की और कंचन दोनों नाराज होकर अपने मायके चली गईं थीं। इस झगड़े को सुलझाने के लिए 18 मार्च को परिवार और रिश्तेदारों की एक पंचायत बुलाई गई। पंचायत में यह फैसला हुआ कि दोनों बहनें अब न तो रील बनाएंगी और न ही पार्लर चलाएंगी। इसके बाद वे वापस ससुराल चली गईं।
लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने फिर से अपनी पुरानी गतिविधियां शुरू कर दीं। सोशल मीडिया पर फिर से वीडियो आने लगे और पार्लर भी चलने लगा। यह देखकर घरवालों में फिर से नाराजगी शुरू हो गई। यह नाराजगी धीरे-धीरे तनाव में बदलती गई और अंत में यह मामला हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की प्लानिंग कब और कैसे की गई। इसमें कितने लोग शामिल थे, और किन-किन वजहों ने इस अपराध को अंजाम तक पहुंचाया।
यह मामला अब सिर्फ दहेज प्रताड़ना तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें घरेलू हिंसा, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, सोशल मीडिया की भूमिका और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की कोशिशों से जुड़ी सामाजिक मानसिकता भी सामने आ रही है।