
इमरजेंसी के बाद स्कूल में प्रियंका गांधी ने बच्चे को जड़ा था थप्पड़! बोलीं- ‘तेरा चाचा चोर है’, राहुल ने बताया खुद को बागी
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बातचीत का एक वीडियो साझा किया। करीब 23 मिनट की इस बातचीत में तीनों ने सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ से जुड़े किस्सों के साथ परिवार की जिंदगी के कई ऐसे पहलुओं पर चर्चा की, जो किताब में शामिल नहीं हैं। बातचीत के दौरान प्रियंका ने इमरजेंसी के बाद के दिनों और स्कूल में हुए एक ऐसे वाकये को याद किया, जब एक बच्चे की बात सुनकर उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया था।
प्रियंका गांधी ने बताया कि जब उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं, तब परिवार को अपना घर बदलना पड़ा था। उस समय घर का माहौल काफी तनावपूर्ण था। प्रियंका के मुताबिक, स्कूल में भी उन्हें और उनके परिवार को लेकर बातें कही जाती थीं। उन्होंने एक घटना याद करते हुए बताया कि एक छोटा लड़का उनके पास आया और बोला, ‘तेरा चाचा जेल में है, तेरा चाचा चोर है।’ यह सुनकर प्रियंका को गुस्सा आ गया और उन्होंने उस बच्चे को थप्पड़ मार दिया।
प्रियंका ने बताया कि थप्पड़ मारने के बाद वह वहां से चली गईं और बच्चा रोने लगा। इसके बाद मामला टीचर तक पहुंचा, जहां प्रियंका को ही डांट पड़ी। यह किस्सा सुनाते हुए उन्होंने उस दौर के तनाव और स्कूल में परिवार को लेकर होने वाली टिप्पणियों का जिक्र किया।
बातचीत में राहुल गांधी ने अपने और प्रियंका के स्कूल के दिनों का अंतर भी बताया। उन्होंने कहा कि प्रियंका स्कूल में ‘प्रीफेक्ट’ थीं, जबकि वह खुद ‘सुपर प्रीफेक्ट’ थे। राहुल के मुताबिक, प्रियंका नियमों का पालन करने वाली और अनुशासित थीं, जबकि वह बागी स्वभाव के थे। वह सवाल पूछते थे और कई बार दूसरों को परेशान भी करते थे।
इस पर प्रियंका ने कहा कि वह स्कूल के नियमों के हिसाब से चलती थीं, जबकि राहुल अपनी ही दुनिया में रहते थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि स्कूल में दोनों के बीच जो फर्क था, वैसा ही अंतर आज भी संसद में देखने को मिलता है। प्रियंका ने बताया कि क्लास में टीचर के आने पर सभी बच्चे गुड मॉर्निंग या नमस्ते कहते थे, फिर खड़े होने, बैठने और हाजिरी की प्रक्रिया होती थी, लेकिन राहुल अक्सर अपनी ही दुनिया में खोए रहते थे।
राहुल ने भी स्कूल का एक और अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि एक दिन जब वह स्कूल पहुंचे तो उनके बगल में कोई नहीं बैठा था और वहां खाली जगह थी। वह सोचते रहे कि उनके पास कोई क्यों नहीं बैठ रहा, लेकिन उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा और चुपचाप बैठे रहे। इस किस्से के जरिए बातचीत में उस समय के माहौल और बच्चों पर पड़ने वाले असर की झलक मिली।
वीडियो में सोनिया गांधी की किताब के कवर पर लगी तस्वीर को लेकर भी चर्चा हुई। राहुल ने उनसे पूछा कि इस तस्वीर को कवर के लिए क्यों चुना गया। सोनिया गांधी ने बताया कि यह तस्वीर राजीव गांधी ने तब खींची थी, जब वह उनसे मिलने ट्यूरिन और फिर इटली के ओरबासानो पहुंचे थे। इसी दौरान राजीव ने सोनिया के पिता से उनसे शादी करने की इच्छा जताई थी। सोनिया ने बताया कि तस्वीर उनके रिश्ते की शुरुआती यादों से जुड़ी है।
राहुल गांधी ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि सोनिया की 500 से अधिक पन्नों की किताब में भी कुछ बातें छूट गई हैं। उन्होंने और प्रियंका ने अपनी मां के साथ बैठकर उन यादों पर बातचीत की, जिनमें खुशी, हंसी और दर्द तीनों शामिल हैं। राहुल ने अपनी मां की जिंदगी को प्यार और त्रासदी से भरा सफर बताया और कहा कि उन्होंने तमाम मुश्किलों का सामना गरिमा और साहस के साथ किया।
सोनिया गांधी ने भी राहुल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने ‘Belonging’ अपनी यादों के आधार पर लिखी है, लेकिन राहुल और प्रियंका ने अपनी यादें जोड़कर कहानियों को एक नया रूप दिया। उन्होंने अपने बच्चों को अपनी खुशी और ताकत बताया। सोनिया गांधी की ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित हुई थी। किताब में इटली से भारत आने, राजीव गांधी के साथ रिश्ते, परिवार पर आई त्रासदियों और राजनीति में उनके सफर से जुड़े अनुभव शामिल हैं।



