अज्ञात कारणों से दो गांवों में छप्पर में लगी आग,दो भैंस मरीं दो झुलसीं,दो की गृहस्थी जल कर राख

वजीरगंज थाना क्षेत्र के गेंड़सर गांव में सुबह अज्ञात कारणों से छप्पर के दो घरों में आग लग गई। इससे छप्पर समेत दोनों घरों की गृहस्थी का सारा सामान जल गया। लपटों से घिरे छप्पर में बंधी 16 भैंस को एक होमगार्ड ने अपनी जान की बाजी लगाकर बाहर निकाला। इस दौरान वह खुद झुलस गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
लोग आग बुझाने का प्रयास करते तब तक लपटों ने पड़ोस में रहने वाले देवीदीन के भाई देवीप्रसाद यादव के छप्पर को भी चपेट में ले लिया। दोनों के छप्पर धू-धूकर जलने लगे। इसी बीच बैंक ड्यूटी पर निकले थाने के सिपाही इंद्र कुमार झा व होमगार्ड विपिन कुमार सिंह वहां पहुंच गए।
होमगार्ड विपिन ने पास के छप्पर में बंधी देेवीदीन की छह व देवीप्रसाद की 10 भैंस को रस्सी काटकर बाहर निकाला। इसी बीच होमगार्ड विपिन झुलस गया। आग की चपेट में आने से चार भैंस झुलस गईं। जिसमें से दो भैंस की मौत हो गई। गांव के लोगों ने पंपिंग सेट चलाकर आग बुझाई। क्षेत्रीय लेखपाल गौरव गांधी ने बताया कि आग से एक लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।