Advertisement
उत्तर प्रदेशलाइव अपडेट
Trending

अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन

Advertisement
Advertisement

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार तड़के पुलिस और संदिग्ध शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े 2 आरोपी शूटर सुमित और मोहित मारे गए। मुठभेड़ के दौरान 2 पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ शामली के औद्योगिक क्षेत्र में हुई। रात से ही जिले में नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सुबह करीब 4 बजे पुलिस टीम ने करनाल की तरफ से बाइक पर आ रहे 2 संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगे। इसके बाद अलग-अलग पुलिस टीमों ने उनका पीछा किया और अंत में मुठभेड़ हुई।

शामली पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रास्ते में पुलिसकर्मियों पर कई बार गोली चलाई। एक स्थान पर पुलिस की गाड़ी के विंडशील्ड पर भी गोली लगी। वायरलेस पर अलर्ट जारी होने के बाद SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, SHO, CO और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों संदिग्धों को गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई।

मारे गए दोनों आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस जांच में दोनों को अंकित बालियान की हत्या में शामिल संदिग्ध शूटर बताया गया है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने उनके पास से हथियार बरामद किए जाने की जानकारी दी है।

दरअसल, अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली में जिम से बाहर निकलने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। CCTV फुटेज में सामने आया था कि हमलावरों ने बेहद कम समय में उन पर कई राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। शुरुआती जांच में पुलिस को इस हत्या के पीछे गैंग कनेक्शन की आशंका भी मिली थी।

पुलिस की जांच इस मामले में हरियाणा तक भी पहुंची थी। जांच एजेंसियों की टीमें हिसार, रोहतक और करनाल समेत कई इलाकों में पहुंची थीं, क्योंकि पुलिस को आशंका थी कि हमलावर हरियाणा की तरफ से आए और वारदात के बाद उसी दिशा में भागे। जांच में यह भी सामने आया कि अंकित की हत्या के लिए कुल 4 शूटर आए थे। इनमें से 2 अब पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। परिवार की नाराजगी के बीच पुलिस और प्रशासन ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था। अब 5 दिन के भीतर 2 मुख्य संदिग्ध शूटरों के एनकाउंटर में मारे जाने को जांच में बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।

हालांकि, इस मामले में अभी कई सवालों के जवाब बाकी हैं। पुलिस को यह पता लगाना है कि अंकित बालियान की हत्या की पूरी साजिश किसने रची, बाकी 2 शूटर कौन हैं और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ गैंग कनेक्शन और हत्या के पीछे के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
YouTube
LinkedIn
Share