
पंजाब के मोहाली से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती की उसके पूर्व प्रेमी ने ऑफिस के भीतर घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार मृतक युवती की पहचान डिंपल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पहले रिश्ते में थे, लेकिन कुछ समय पहले उनका ब्रेकअप हो गया था।
जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब डिंपल अपने कार्यालय में बैठकर काम कर रही थी। तभी हरविंदर अचानक ऑफिस पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि शुरुआती हमले के बाद जब डिंपल अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश करती है, तब भी आरोपी उसका पीछा करता है और गेट के पास पकड़कर कई बार चाकू से वार करता है। सहकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
घटना के बाद आरोपी ने खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल डिंपल और हरविंदर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं हरविंदर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से एक ही कंपनी में काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्रेम संबंध बन गए। हालांकि बाद में दोनों का रिश्ता टूट गया था। बताया जा रहा है कि ब्रेकअप के बाद आरोपी मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और वह दोबारा संबंध सुधारने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जब ऐसा नहीं हो पाया तो उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
मोहाली पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतका के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं



