
बेटे Jason Sanjay की ‘Sigma’ के लिए Thalapathy Vijay का खास अंदाज
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय के बेटे जेसन संजय ने फिल्म ‘Sigma’ से बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत की है। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और रिलीज के बाद से ही जेसन संजय के डेब्यू को लेकर चर्चा बनी हुई है। इसी बीच उनके पिता विजय का एक खास अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
दरअसल, फिल्म की रिलीज के दिन विजय एक रोड शो में शामिल हुए थे। इसी दौरान एक पार्टी कार्यकर्ता ने उन्हें जेसन संजय की फिल्म ‘Sigma’ से जुड़ी एक फ्रेम की गई तस्वीर दी। विजय ने उस तस्वीर को अपने हाथों में लिया और फिर उसे सिर के ऊपर उठाकर वहां मौजूद लोगों को दिखाया। इस दौरान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
विजय का यह अंदाज इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि जेसन संजय ने पहले संकेत दिया था कि उनके पिता फिल्म के प्रमोशन में सीधे तौर पर शामिल नहीं होंगे। जेसन का कहना था कि वह फिल्म के प्रचार को अपनी फिल्म तक सीमित रखना चाहते थे, ताकि उनके पिता की राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ इसका मेल न हो। इसके बावजूद रोड शो के दौरान विजय का इस तरह ‘Sigma’ की तस्वीर को लोगों के सामने उठाना बेटे के प्रति उनके समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
‘Sigma’ जेसन संजय की पहली निर्देशित फिल्म है, जिसमें सुंदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म में एक्शन, कॉमेडी और थ्रिलर का मिश्रण देखने को मिलता है। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले भी काफी चर्चा थी, जिसकी एक बड़ी वजह जेसन संजय का पहली बार निर्देशन की कमान संभालना था।
अब बात फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की करें तो ‘Sigma’ ने पहले दिन भारत में करीब 2.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली और शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक इसने करीब 1.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई लगभग 3.85 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
दूसरे दिन फिल्म ने करीब 1,802 शोज में 22.6 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की। पहले दिन इसकी ऑक्यूपेंसी लगभग 31.1 प्रतिशत रही थी। इस तरह दूसरे दिन के कलेक्शन में ओपनिंग डे के मुकाबले करीब 36.2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। फिलहाल फिल्म की कमाई को लेकर आगे के दिनों का प्रदर्शन महत्वपूर्ण रहने वाला है।
फिल्म में सुंदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला के अलावा राजू सुंदरम, संपत राज, शिव पंडित, अंबू थसन और योग जापी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत थमन एस ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी कृष्णन वसंत और एडिटिंग प्रवीण केएल ने संभाली है।
रिलीज के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी मिली-जुली रही हैं। कुछ दर्शकों ने सुंदीप किशन के प्रदर्शन और फिल्म के एक्शन हिस्सों की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर निराशा जताई। ऐसे में फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर आगे कितना फायदा मिलता है, यह आने वाले दिनों के कलेक्शन से साफ होगा।
इस बीच रोड शो के दौरान विजय का जेसन की फिल्म की तस्वीर उठाकर भीड़ को दिखाना पिता-बेटे के रिश्ते और फिल्म को लेकर उनके समर्थन की वजह से चर्चा में बना हुआ है। एक तरफ ‘Sigma’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी तरफ विजय के इस खास gesture ने फिल्म को सोशल मीडिया पर एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।



