
गोंडा/करनैलगंज। मौनी अमावस्या के मौके पर शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे से ही करनैलगंज के सरयू तट स्थित कटरा घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान करना शुरू कर दिया। दोपहर बाद तक स्नान का सिलसिला चलता रहा। मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर ठंड हवाओं व ठिठुरन के बावजूद अलग अलग घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया। तथा घाट पर लगे मेले में महिलाओं ने सौन्दर्य सामग्री के साथ अन्य सामान की खरीददारी भी की। शुक्रवार की भोर अंधेरे से ही कटरा घाट स्थित सरयू तट पर स्नान करने के लिए पहुंचने लगे। सूर्योदय होते होते स्नानार्थियों की संख्या काफी बढ़ गई। सरयू स्नान के साथ श्रद्धालुओं ने घाट के पंडों को तिल, चावल और दान करके पुण्य अर्जित किया। स्नान करने वालों में पुरुष, महिलायें और बच्चे भी शामिल थे। सभी ने स्नान करने के बाद मन्दिर में जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। घाट के आसपास डोर तक दूरदराज से आये दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा रखी थी। जहां महिलाओं ने मिठाई, गृहस्थी व सौंदर्य सामग्री की जमकर खरीददारी की। इसके अलावा सरयू नदी के कटरा शहबाजपुर घाट, सकरौरा घाट, कचनापुर सरयू घाट, यमदुतिया घाट, जम्बूघाट, भौरीगंज घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजन अर्चन किया। मेले में भारी भीड़ होने के चलते सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम थे। सरयू नदी में बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, नदी में नावें, मार्ग पर जाम के लिए यातायात पुलिस के साथ कोतवाल हेमंत गौड़, इंस्पेक्टर अपराध, वरिष्ठ उप निरीक्षक राम प्रकाश चंद्र सहित भारी संख्या में महिला पुलिस कर्मी व सुरक्षा कर्मी लगाए गए थे।