
मुंबई के कुर्ला पार्क में कपल की पिटाई के वक्त मौजूद थे 12 लोग! चश्मदीद ने बताया- गार्ड तक नहीं था, पैसे को लेकर भी हुई थी बात
मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित फीनिक्स मॉल के पास एक पार्क में युवक-युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लड़के एक कपल को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है। अब घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और मीडिया टीम के सामने चश्मदीदों ने उस दिन की आपबीती बताई है।
यह घटना कुर्ला के प्रमोद महाजन उद्यान की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी सरनाबाई गजरे पार्क में सफाई का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान वहां करीब 12 लोग मौजूद थे और वे कपल को डरा-धमका रहे थे। उनके मुताबिक, इस दौरान उन्होंने पैसे को लेकर भी कुछ बातचीत सुनी थी। हालांकि, पैसे को लेकर क्या कहा गया था और इसका घटना से क्या संबंध था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सरनाबाई ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि वहां कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं है। उनका कहना है कि उन्हें भी पार्क से चले जाने के लिए डराया-धमकाया गया था। एक अन्य स्थानीय निवासी अशोक कांबले ने भी पार्क को असुरक्षित बताया। उनके मुताबिक, वहां नशेड़ी लोगों का आना-जाना रहता है और इसी वजह से आसपास के लोग पार्क में जाने से बचते हैं।
वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि एक युवक और युवती पार्क में तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान कुछ लड़के उनके पास पहुंचे और कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियां करने लगे। कपल ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। वीडियो में एक लड़का चप्पल जैसी चीज से युवक को मारता दिखाई देता है, जबकि दूसरा लड़की के सिर पर डंडे से वार करता नजर आता है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और मारपीट होती है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, समूह में करीब 8 से 10 नाबालिग लड़के शामिल थे। घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई शुरू की।
पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे के मुताबिक, पीड़ितों की शिकायत के आधार पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी नाबालिगों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।
घटना के बाद बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोपियों की पहचान को लेकर धार्मिक टिप्पणी की और पुलिस कार्रवाई का जिक्र किया। हालांकि, पुलिस की ओर से दर्ज मामले और आधिकारिक कार्रवाई को आरोपियों की धार्मिक पहचान से जोड़ने वाला कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चश्मदीदों के बयान, वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पार्क में सुरक्षा गार्ड तैनात करने और निगरानी बढ़ाने की मांग उठाई है। इस घटना ने सार्वजनिक पार्कों में महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।



