Advertisement
भारतराजनीतिलाइव अपडेटविश्व

पाकिस्तान से बातचीत पर राहुल गांधी का दोटूक जवाब, बोले- ‘आतंकवाद बंद होगा, तभी शुरू हो सकती है बातचीत’

Advertisement
Advertisement

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है। अमेरिका के इलिनॉय स्थित शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग की गुंजाइश जरूर है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से भारत में आतंकवाद को समर्थन देना सबसे बड़ी बाधा है। राहुल ने साफ कहा कि जब तक भारतीय नागरिकों की जान जाने का सिलसिला नहीं रुकता, तब तक पाकिस्तान के साथ बातचीत स्वीकार नहीं की जा सकती।

यह सवाल एक ऐसे छात्र ने पूछा था, जिसने खुद को पाकिस्तान का नागरिक बताया। उसने राहुल गांधी से पूछा कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर साझा फायदे के लिए साथ काम कर सकते हैं? इसके जवाब में राहुल ने कहा कि इसकी संभावना है, लेकिन आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा देने की समस्या का समाधान जरूरी है।

राहुल गांधी ने कहा कि यह स्वीकार करना संभव नहीं है कि एक तरफ निर्दोष भारतीयों की हत्या होती रहे और दूसरी तरफ भारत पाकिस्तान के साथ बातचीत करता रहे। उन्होंने कहा कि जिस दिन यह समस्या खत्म होगी, उसके बाद बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है। इस चर्चा का संचालन अमेरिकी राजनीतिक वैज्ञानिक और प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने किया।

इस बातचीत में राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति और वैश्विक कूटनीति में देश की भूमिका पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत का आकार और वैश्विक महत्व ऐसा है कि उसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उनके मुताबिक, भारत को अपनी स्वतंत्र सोच के आधार पर दुनिया के देशों के साथ संबंध बनाने चाहिए।

राहुल ने पाकिस्तान के अमेरिका और ईरान के साथ कूटनीतिक संपर्कों का जिक्र करते हुए भारत की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जहां इन देशों के साथ बातचीत में शामिल है, वहीं भारत वैश्विक घटनाक्रम में अपेक्षाकृत पीछे दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंध केवल नेताओं की व्यक्तिगत दोस्ती के आधार पर नहीं चल सकते।

इजरायल और गाजा के मुद्दे पर भी राहुल गांधी ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि भारत के इजरायल के साथ अच्छे संबंध हैं और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग भी है, लेकिन भारत की विदेश नीति का आधार अपने राष्ट्रीय हित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को यह तय करना चाहिए कि उसके लिए क्या सही है, न कि किसी दूसरे देश के हितों के हिसाब से अपनी नीति बनानी चाहिए।

राहुल गांधी ने हमास के 7 अक्टूबर 2023 के हमले में निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा की। साथ ही उन्होंने गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई की भी आलोचना की। उनका कहना था कि निर्दोष लोगों के खिलाफ हिंसा किसी भी पक्ष की ओर से हो, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

चर्चा के दौरान भारतीय लोकतंत्र और चुनावों का मुद्दा भी उठा। राहुल ने कहा कि लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं कर सकता। उनके मुताबिक, चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करेगा और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी प्रभावित करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी व्यवस्था में गड़बड़ियां हैं, लेकिन कहा कि किसी भी गंभीर आरोप को सार्वजनिक करने के लिए ठोस सबूत जरूरी हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
YouTube
LinkedIn
Share