Advertisement
लाइव अपडेटविश्व
Trending

इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू देख रो पड़े जावेद मियांदाद, बोले- ‘इमरान भ्रष्ट नहीं हैं’

Advertisement
Advertisement

पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर जावेद मियांदाद अपने पुराने साथी और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर बात करते हुए भावुक हो गए। इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम खान के हालिया इंटरव्यू के बाद मियांदाद का दर्द छलक पड़ा और वह कैमरे के सामने रोने लगे। उन्होंने इमरान खान को ईमानदार बताते हुए कहा कि वह भ्रष्ट व्यक्ति नहीं हैं और उन्हें जेल से बाहर आना चाहिए।

मियांदाद और इमरान खान ने पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे सफल दौर में एक साथ खेला है। दोनों उस टीम का हिस्सा रहे जिसने 1992 में पाकिस्तान को उसका पहला और अब तक का एकमात्र वनडे विश्व कप दिलाया था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इमरान खान राजनीति में आए और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने, लेकिन अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी ठहराया गया है, जबकि इमरान खान लगातार इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं और कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते रहे हैं।

दरअसल, इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल एथर्टन को दिए इंटरव्यू में अपने पिता की जेल में स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। यह इंटरव्यू लॉर्ड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान प्रसारित हुआ। दोनों ने अपने पिता के स्वास्थ्य और जेल में उनके साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर कई गंभीर दावे किए। इस इंटरव्यू के बाद पाकिस्तान में राजनीतिक और क्रिकेट से जुड़ा विवाद भी तेज हो गया।

इसी मुद्दे पर बात करते हुए जावेद मियांदाद ने कहा कि वह इमरान को लंबे समय से जानते हैं और उन्हें ऐसा व्यक्ति नहीं मानते जो भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल हो। मियांदाद ने भावुक होकर सवाल किया कि अगर इमरान खान को जेल से बाहर आने दिया जाए तो वह आखिर क्या नुकसान करेंगे। उन्होंने कहा कि इमरान भी किसी के बेटे हैं और उनके परिवार को भी उनकी चिंता होती होगी।

मियांदाद की भावुक प्रतिक्रिया ऐसे समय सामने आई है जब इमरान खान की सेहत और जेल में उनके इलाज को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में उनका मेडिकल परीक्षण किया गया था और इसके बाद उन्हें दोबारा रावलपिंडी की अदियाला जेल भेज दिया गया। इमरान की पार्टी और उनके समर्थकों ने चिकित्सा जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं, जबकि पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू ने क्रिकेट और राजनीति के रिश्ते को भी एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इंटरव्यू के प्रसारण पर आपत्ति जताई थी और इस मामले में स्काई स्पोर्ट्स के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई। यहां तक कि पाकिस्तान की टीम के लॉर्ड्स टेस्ट में दोबारा मैदान पर नहीं उतरने की धमकी दिए जाने की खबरें भी सामने आईं, हालांकि बाद में टीम मैदान पर वापस आई और मैच जारी रहा।

जावेद मियांदाद की भावुक अपील ने इस पूरे विवाद को एक अलग भावनात्मक पहलू दे दिया है। क्रिकेट के मैदान पर इमरान खान के साथ लंबा समय बिताने वाले मियांदाद आज भी उन्हें बेहद करीब से जानने वाले लोगों में शामिल हैं। ऐसे में उनका इमरान के समर्थन में खुलकर सामने आना पाकिस्तान क्रिकेट और राजनीति दोनों में चर्चा का विषय बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
YouTube
LinkedIn
Share