Advertisement
मनोरंजनलाइव अपडेट

परिवार को ट्रोल किया तो ‘फुल वॉरियर मोड’ में आ जाऊंगी… रश्मिका मंदाना की दोटूक, बोलीं- मेरी फैमिली ने ये प्रोफेशन नहीं चुना

Advertisement
Advertisement

एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उनका कहना है कि लोग उनके व्यक्तित्व, अभिनय और फिल्मों पर सवाल उठाते हैं तो उन्हें इससे खास फर्क नहीं पड़ता, लेकिन जब कोई उनके परिवार को निशाना बनाता है तो वह इसे बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। रश्मिका ने साफ कहा कि परिवार के बारे में गलत बातें करने वालों के खिलाफ वह ‘फुल वॉरियर मोड’ में आ जाएंगी।

रश्मिका ने यह बात हाल ही में प्रेमा-द जर्नलिस्ट को दिए एक इंटरव्यू में कही। बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि वह सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना और ट्रोलिंग से कैसे निपटती हैं। इस पर एक्ट्रेस ने बताया कि पहले वह ट्रोल्स को जवाब देने की कोशिश करती थीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें एहसास हुआ कि ऐसा करना समय बर्बाद करने जैसा है। अब वह ज्यादातर चुप रहना ही बेहतर समझती हैं।

एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें अपने व्यक्तित्व, काम या अभिनय को लेकर आलोचना झेलने में कोई परेशानी नहीं है। उनके मुताबिक, कलाकार सार्वजनिक जीवन में रहते हैं और लोगों को उनके काम पर अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने इसे अपने पेशे का हिस्सा बताया। हालांकि, परिवार को लेकर की गई टिप्पणियों के मामले में उनका नजरिया बिल्कुल अलग है।

रश्मिका ने कहा, “अगर कोई मेरे परिवार के बारे में कुछ कहता है, तो मुझे अच्छा नहीं लगता। मैं फुल वॉरियर मोड में आ जाऊंगी। मैं पूरी तरह ‘मायसा’ बन जाऊंगी।” यहां उन्होंने अपनी आने वाली एक्शन फिल्म ‘मायसा’ का जिक्र करते हुए अपने गुस्से और परिवार के प्रति सुरक्षा की भावना को जाहिर किया।

उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि उनके परिवार ने मनोरंजन जगत का पेशा नहीं चुना है और न ही वे सार्वजनिक जीवन का हिस्सा हैं। ऐसे में उन्हें सोशल मीडिया पर निशाना बनाना या उनकी छवि खराब करने की कोशिश करना गलत है। रश्मिका का मानना है कि किसी कलाकार के परिवार और दोस्तों को सिर्फ इसलिए आलोचना का सामना नहीं करना चाहिए क्योंकि उनका कोई करीबी फिल्म इंडस्ट्री में काम करता है।

रश्मिका और उनके पति विजय देवरकोंडा हाल ही में करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन में साथ नजर आए थे। शो में दोनों की बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। खास तौर पर रश्मिका के इस खुलासे पर चर्चा हुई कि उन्होंने विजय से शादी के लिए करीब एक साल तक हर दिन पूछा था। कुछ लोगों ने दोनों के रिश्ते और शो में उनकी बातचीत को लेकर टिप्पणियां कीं।

इस विवाद के बाद रश्मिका और विजय ने ऑनलाइन पोस्ट, कथित तौर पर एडिट किए गए स्क्रीनशॉट, फर्जी पहचान और उनके परिवारों को निशाना बनाने वाली सामग्री को लेकर पुलिस में साइबर शिकायत भी दर्ज कराई थी। रश्मिका के ताजा बयान को इसी ऑनलाइन विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने इंटरव्यू में यह भी स्पष्ट किया कि वह सामान्य आलोचना से बचने के बजाय उसे नजरअंदाज करना सीख चुकी हैं।

काम की बात करें तो रश्मिका इन दिनों अपनी एक्शन ड्रामा फिल्म ‘मायसा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का निर्देशन रवींद्र पुले कर रहे हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह आलोचना का सामना कर सकती हैं, लेकिन उनके परिवार और दोस्तों को इस तरह की ऑनलाइन नफरत में घसीटना उन्हें मंजूर नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
YouTube
LinkedIn
Share