
‘काश हम साथ देख पाते…’, प्रशांत तमांग की आखिरी फिल्म देखकर भावुक हुए मियांग चांग, दोस्त को याद कर लिखा दिल छू लेने वाला संदेश
सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर सामने आने के बाद दिवंगत अभिनेता और गायक प्रशांत तमांग एक बार फिर चर्चा में हैं। फिल्म में प्रशांत की झलक देखकर उनके दोस्त और ‘इंडियन आइडल’ के साथी प्रतियोगी मियांग चांग भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला संदेश साझा कर प्रशांत को याद किया। यह फिल्म प्रशांत की आखिरी स्क्रीन अपीयरेंस मानी जा रही है।
मियांग चांग ने इंस्टाग्राम पर प्रशांत की तस्वीर साझा करते हुए खुशी जताई कि उनकी फिल्म आखिरकार सिनेमाघरों तक पहुंचने वाली है। उन्होंने लिखा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि प्रशांत को चाहने वाले दर्शक अब उन्हें बड़े पर्दे पर एक खास अंदाज में देख सकेंगे। मियांग ने दोस्त के सफर को याद करते हुए ‘इंडियन आइडल’ से नेपाली फिल्मों और वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ तक के उनके अभिनय और संगीत के सफर का जिक्र किया।
अपने संदेश में मियांग ने दोस्ती के पुराने दिनों को भी याद किया। उन्होंने लिखा कि अगर प्रशांत आज उनके साथ होते तो वह फिल्म में उनके लुक को लेकर मजाक करते और उन्हें छेड़ते। मियांग ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वह प्रशांत से पूछते कि यह शानदार भूमिका उन्हें क्यों नहीं मिली।
हालांकि, इसके बाद मियांग का संदेश बेहद भावुक हो गया। उन्होंने लिखा कि प्रशांत इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित थे, लेकिन अपने स्वभाव के मुताबिक उन्हें इसके बारे में बताते समय शर्माते और थोड़ा असहज भी हो जाते थे। मियांग ने अफसोस जताया कि वे दोनों यह फिल्म साथ बैठकर नहीं देख पाएंगे। उन्होंने संदेश के अंत में लिखा कि वे प्रशांत को पर्दे पर जरूर देखेंगे और किसी न किसी तरह उनके साथ यह फिल्म देखेंगे।
प्रशांत तमांग ने साल 2007 में सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ का तीसरा सीजन जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। उनकी जीत के बाद संगीत की दुनिया में उनका सफर आगे बढ़ा और उन्होंने नेपाली फिल्मों में भी अभिनय किया। बाद में वह हिंदी वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ के दूसरे सीजन में भी नजर आए थे।
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से ताल्लुक रखने वाले प्रशांत का जनवरी 2026 में 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। उनके निधन से संगीत और मनोरंजन जगत के साथ-साथ उनके प्रशंसकों को भी गहरा झटका लगा था।
‘मातृभूमि’ में प्रशांत तमांग एक चीनी सैन्य अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं, जबकि चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है और इसका निर्माण सलमा खान ने सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया है।
पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से चर्चा में रही यह फिल्म 2020 के गलवान घाटी संघर्ष से प्रेरित है। अब इसका नाम ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ रखा गया है। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। प्रशांत के प्रशंसकों के लिए यह फिल्म उन्हें आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखने का एक खास मौका होगी।



