
भारत में Kia का दूसरा प्लांट लगाने का ऐलान, ₹18,770 करोड़ का निवेश; 12 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
भारत में अपनी कारों की बढ़ती मांग को देखते हुए दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता कंपनी Kia ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी आंध्र प्रदेश में अपना दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने जा रही है। इस परियोजना पर Kia और उसके सप्लायर पार्टनर्स मिलकर करीब 18,770 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। कंपनी का कहना है कि नई फैक्ट्री शुरू होने के बाद भारत में उसकी उत्पादन क्षमता बढ़कर सालाना 6.3 लाख गाड़ियों तक पहुंच जाएगी।
इस नए प्लांट के लिए Kia India ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ समझौता ज्ञापन यानी MoU पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रस्तावित फैक्ट्री अनंतपुर में कंपनी की मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के पास बनाई जाएगी। इसके लिए कुल 465 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है, जिसमें Kia की उत्पादन इकाई के साथ उसके सप्लायर पार्टनर्स की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
कंपनी की योजना के मुताबिक, नए प्लांट में कार बनाने की सभी प्रमुख प्रक्रियाएं होंगी। इनमें स्टैम्पिंग, वेल्डिंग, पेंटिंग और फाइनल असेंबली शामिल हैं। नई फैक्ट्री में व्यावसायिक उत्पादन 2030 की शुरुआत में शुरू होने की योजना है। इससे कंपनी को भारत में अपनी कारों की मांग के अनुसार उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल Kia के अनंतपुर स्थित मौजूदा प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 4.30 लाख यूनिट है। नई फैक्ट्री से इसमें 2 लाख यूनिट सालाना की अतिरिक्त क्षमता जुड़ जाएगी। इस तरह दोनों प्लांट मिलकर हर साल करीब 6.30 लाख गाड़ियों का उत्पादन कर सकेंगे। कंपनी को उम्मीद है कि इससे घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात के लिए भी उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
नई फैक्ट्री में सिर्फ पेट्रोल और डीजल इंजन वाली कारें ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक वाहन भी बनाए जाएंगे। Kia के मुताबिक, यहां इंटरनल कंबशन इंजन यानी ICE और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन वाले नए मॉडल तैयार किए जाएंगे। इससे कंपनी को भविष्य में अलग-अलग तरह की गाड़ियों की मांग के मुताबिक अपनी उत्पादन क्षमता इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी।
इस निवेश का असर रोजगार के अवसरों पर भी पड़ने की उम्मीद है। कंपनी के अनुसार, नए प्लांट और उससे जुड़ी सप्लायर सुविधाओं के जरिए करीब 12,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा हो सकते हैं। इससे अनंतपुर और आसपास के इलाकों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
Kia India के मौजूदा प्लांट में Seltos, Sonet, Carens और Carnival जैसे मॉडल बनाए जाते हैं। कंपनी ने 2019 में अनंतपुर फैक्ट्री से उत्पादन शुरू किया था। अब दूसरी यूनिट स्थापित होने से भारत में उसकी विनिर्माण मौजूदगी और मजबूत होगी। कंपनी और उसके सप्लायर पार्टनर्स के निवेश को मिलाकर दोनों सुविधाओं में कुल निवेश करीब 5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।
Kia India के एमडी और सीईओ ग्वांगगु ली के मुताबिक, भारत कंपनी की दीर्घकालिक विकास रणनीति का अहम हिस्सा है। दूसरा प्लांट ग्राहकों की मांग के अनुसार तेजी से उत्पादन करने और नए मॉडल पेश करने में मदद करेगा। हालांकि, नई फैक्ट्री से बनने वाली गाड़ियों के नाम और उनकी लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा अभी नहीं किया गया है।



