Advertisement
उत्तर प्रदेशलाइव अपडेट

मां को याद कर भावुक हुए CM योगी, लिखा- ‘मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना’; संन्यास के बाद पहली मुलाकात का सुनाया किस्सा

Advertisement
Advertisement

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हो गए। मां के निधन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पत्र साझा किया है। इसमें उन्होंने मां की ममता, उनके संस्कार और जीवन में मां की अहमियत को शब्दों में बयां किया। योगी ने लिखा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है और मां की जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता।

मुख्यमंत्री ने अपनी इस पाती को हर मां के नाम समर्पित किया। उन्होंने लिखा कि मां केवल जन्म देने वाली नहीं होती, बल्कि वह जगत जननी है। मां के बिना न जीवन की कल्पना हो सकती है और न ही इस संसार के अस्तित्व की। उन्होंने भगवान श्रीराम के वनवास के समय माता कौशल्या के आशीर्वाद और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद मां की इच्छा से गोकुल पहुंचने का प्रसंग भी याद किया।

योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि मां ऐसी होती है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता। मां के न होने का मतलब केवल किसी व्यक्ति का दुनिया से चले जाना नहीं है, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की गहरी छांव का छिन जाना भी है। उन्होंने अपनी मां को अपनी पहली गुरु बताया, जिन्होंने उन्हें अक्षर ज्ञान दिया और जीवन के शुरुआती संस्कार दिए।

इस पत्र में मुख्यमंत्री ने अपने संन्यास जीवन से जुड़ा एक बेहद निजी और भावुक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद जब वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे, तब उनके मन में कई तरह की भावनाएं उमड़ रही थीं। गोरखपुर से पंचूर तक की यात्रा के दौरान वह अपनी मां से मिलने को लेकर भावुक थे।

योगी ने बताया कि संन्यास परंपरा के एक महत्वपूर्ण विधान के तहत उन्होंने घर की दहलीज पर खड़े होकर भिक्षा मांगी। उनकी आवाज सुनकर मां बाहर आईं, लेकिन भगवा वस्त्र में बेटे को देखकर उन्हें पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ। मां ने उनसे पूछा कि उन्होंने अपना यह क्या हाल बना लिया है और क्या घर में किसी चीज की कमी थी, जो उन्हें भिक्षा मांगनी पड़ रही है।

इस पर योगी ने मां से कहा कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटती है। उन्होंने मां को समझाया कि वह घर में रहने नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। मां जो कुछ भिक्षा में देंगी, उससे उनका मनोरथ पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मां की ममता ने आखिरकार उनके संन्यासी जीवन के संकल्प का सम्मान किया।

अपने पत्र में योगी ने लिखा कि कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन अपने कर्तव्यों का पालन जरूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के लिए अपने इसी कर्तव्य को निभाने का प्रयास कर रहे हैं। मां के प्रति सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके प्रति जिम्मेदारी निभाने से भी जाहिर होता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि हर व्यक्ति किसी निराश्रित मां का सहारा बने, किसी वंचित मां की तकलीफ को समझे और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि हर मां का सच्चा सम्मान यही होगा कि समाज उन माताओं के साथ खड़ा हो, जिन्हें देखभाल और सहारे की जरूरत है।

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 20 नवंबर 2026 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। 21 नवंबर को हरिद्वार के चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री की यह भावुक पाती उनके निजी जीवन, संन्यास के फैसले और मां के साथ उनके रिश्ते की एक झलक पेश करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
YouTube
LinkedIn
Share